जोंधरा और ओखर मंडल में हुई अहम बैठक, कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश
अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर/मस्तुरी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत मस्तुरी ब्लॉक के जोंधरा एवं ओखर मंडल में बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ और पंचायत स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करना तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपना रहा।
बैठक में क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोलाराम साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
अपने संबोधन में विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि बूथ और पंचायत स्तर का गठन केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करना आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर बूथ में जाकर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं का चयन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निष्क्रिय लोगों को जिम्मेदारी देने से संगठन कमजोर होता है, इसलिए केवल मेहनती और जुझारू कार्यकर्ताओं को ही अवसर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ गठन की पूरी जिम्मेदारी लें और उसकी नियमित मॉनिटरिंग करें। मंडल प्रभारी गांव-गांव जाकर संगठन को सशक्त बनाने का कार्य करें, क्योंकि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत होता है।
ब्लॉक अध्यक्ष भोलाराम साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हमें बूथ स्तर तक मजबूत संगठन तैयार करना है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और तालमेल के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ और पंचायत में अध्यक्ष सहित 12 सदस्यीय टीम का गठन किया जाएगा, जिसमें महिला, युवा, बुजुर्ग सहित सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नियुक्त मंडल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के सभी पंचायतों के बूथों में सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें संगठन में जिम्मेदारी सौंपेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य हर गांव और हर बूथ में मजबूत, सक्रिय और जागरूक संगठन खड़ा करना है, जिससे पार्टी की विचारधारा जन-जन तक पहुंचे।
बैठक को अन्य वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और संगठन सुदृढ़ीकरण पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक दिलीप लहरिया, ब्लॉक अध्यक्ष भोलाराम साहू, साहिल मधुकर, पिंटू जांगड़े, जनपद सदस्य प्रतिनिधि उतरा रात्रे, पूर्व सभापति ओमप्रकाश पैकरा, जोंधरा सरपंच प्रतिनिधि विष्णु केवट, अयोध्या प्रसाद, हरबंश पैकरा, बंशी साहू, हेतराम केवट, राजीव पैकरा, राजकुमार, जोंधरा मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं ओखर मंडल से मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीप्रसाद यादव (लल्लू यादव), मनराखन केवट, केशव साहू, निलेश केवट, जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे, राजेंद्र प्रसाद रात्रे, रंजीत यादव, गोविंदा टंडन, पंचराम सोनी, भोलू साहू, शिवकुमार भारद्वाज, अश्वनी टंडन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को मजबूती देने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस के इस अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और सक्रियता देखने को मिली।





