संवादाता – लाल बहादुर यादव कि रिपोर्ट चांदनी बिहार पुर से*
– पदभार। ग्रहण करते ही जनहित में समर्पित कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई*
*- सुशासन तिहार-2026, जनगणना-2027, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता*
*सूरजपुर/11 मई 2026/* सूरजपुर जिले के प्रशासनिक पटल में आज एक नया अध्याय जुड़ गया, जब श्रीमती रेना जमील ने जिले के 11वें कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर जिले की प्रशासनिक कमान संभाली। उनके पदभार ग्रहण करते ही जिला प्रशासनिक अमले में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार देखा गया।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात अपने प्रथम संबोधन में नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता शासन की मंशा अनुरूप जनहित में पारदर्शी, संवेदनशील एवं उत्तरदायी प्रशासन सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन का सर्वाेच्च दायित्व है।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने अपनी कार्य प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार-2026 के सफल क्रियान्वयन के साथ-साथ आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों को सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कराना उनके एजेंडे में सबसे ऊपर रहेगा। इसके अतिरिक्त केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा जिलेवासियों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति को ध्यान में रखकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि वे जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण अंचलों का सतत भ्रमण कर वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगी तथा आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में ठोस कदम उठाएंगी। उन्होंने जिले के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी गण को पूर्ण समर्पण से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही।



