वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव, युद्ध जैसे हालात और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल का असर अब सीधे आम जनता की जेब पर पड़ने लगा है। जिस आशंका को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चा चल रही थी, अब उस पर आधिकारिक मुहर लग गई है। देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में लगभग ₹3 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में आज से नए रेट लागू हो गए हैं।
जहां एक ओर प्रदेश में पिछले कई दिनों से पेट्रोल-डीजल की किल्लत बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर अचानक हुई मूल्य वृद्धि ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर “नो स्टॉक” की स्थिति बनी हुई है, जबकि खुले पंपों में भी सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है।
⛽ रायपुर में पेट्रोल के नए दाम
पुराना रेट : ₹100.45 प्रति लीटर
नया रेट : ₹103.56 प्रति लीटर
बढ़ोतरी : ₹3.11 प्रति लीटर
⛽ रायपुर में डीजल के नए दाम
पुराना रेट : ₹93.39 प्रति लीटर
नया रेट : लगभग ₹96.50 प्रति लीटर
बढ़ोतरी : करीब ₹3 प्रति लीटर
रायपुर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर सुबह से लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोगों को कई-कई घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है, उसके बाद भी लिमिट में पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है। कुछ पेट्रोल पंपों पर रस्सियां बांधकर प्रवेश बंद कर दिया गया है तो कहीं स्टॉक खत्म होने के कारण ताले तक लटक गए हैं।
स्थिति केवल रायपुर तक सीमित नहीं है। भानपुरी, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा समेत कई इलाकों में भी ईंधन संकट गहराता जा रहा है। परिवहन व्यवसाय, किसानों और रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक ऊर्जा संकट और सप्लाई चेन प्रभावित होने के कारण आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराकर अतिरिक्त ईंधन संग्रह न करें और आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें।




