टाटा की मजबूत बिल्ड क्वालिटी और एयरबैग बने ढाल: पुणे जा रहे बैंक मैनेजर और मासूम बेटी की बची जान, बच्ची गंभीर।
बुलंद टाइम्स न्यूज़/गणेश यादव
तमता। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरकट्टा में तेज रफ्तार और अचानक सामने आई गाय के बीच आज दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पंचायत खरकट्टा लाल माटी, में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया। पुणे जा रहे एक बैंक मैनेजर की कार के सामने अचानक एक मवेशी (गाय) के आ जाने से अनियंत्रित होकर गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार की मजबूत बिल्ड क्वालिटी और समय पर एयरबैग खुलने के कारण बैंक मैनेजर और उनकी मासूम बेटी की जान चमत्कारिक रूप से बच गई।
पीड़ित बैंक मैनेजर अपनी बेटी के साथ महाराष्ट्र पासिंग कार (रजिस्ट्रेशन नंबरः MH 26 B 1239K) से पुणे के लिए निकले थे। सफर के दौरान जैसे ही वे तमता पुलिया के ठीक आगे खरकट्टा के पास पहुंचे, अचानक एक गाय गाड़ी के सामने आ गई।
गाड़ी की रफ्तार करीब 120 किमी/घंटा थी। अचानक सामने आई मुसीबत को देख मैनेजर हड़बड़ा गए और पैर के ब्रेक की जगह अचानक हैंडब्रेक खींच दिया। तेज रफ्तार में हैंडब्रेक लगते ही गाड़ी ने सड़क से नियंत्रण खो दिया और कई पलटी खाते हुए सीधे सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
खाई में गिरने के बाद गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। हालांकि, टाटा की मजबूत बॉडी ने मुख्य केबिन को सुरक्षित रखा और एयरबैग्स समय पर खुल गए, जिससे एक बड़ा अनर्थ होने से टल गया।
इस भयानक टक्कर के कारण बैंक मैनेजर की मासूम बेटी बेहद गंभीर रूप से जख्मी हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। क्षतिग्रस्त गाड़ी को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला गया। वाहन पूरी तरह डैमेज होने के कारण उसे इंश्योरेंस (व्हीकल इंश्योरेंस) के तहत रिपेयरिंग के लिए आगे भेज दिया गया है।



