Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज़/अमित दुबे
बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक महिला सहित तीन अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से कुल 70 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 14,000 रुपये है, जब्त की। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में विजय धीवर उर्फ लटी (26 वर्ष), निवासी गांधीनगर रतनपुर, सुधवरिया पवेल उर्फ रिया (28 वर्ष), निवासी जोगीअमराई तथा केदार सिंह पाव (45 वर्ष), निवासी जोगीअमराई, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर शामिल हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 जुलाई 2026 को अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान गांधीनगर रतनपुर स्थित विजय धीवर के घर के पीछे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत 1,400 रुपये) जब्त की गई। वहीं ग्राम जोगीअमराई में सुधवरिया पवेल के घर के पीछे स्थित बाड़ी से 48 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत 9,600 रुपये) तथा केदार सिंह पाव के घर के आंगन से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत 3,000 रुपये) बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 70 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त कर तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के साथ प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, कौशल राम खुंटे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह, देवकी रावटे, आरक्षक पवन ठाकुर, धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर एवं मनीष जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही।



