Oplus_131072
बुलंद टाइम्स, बीजापुर। बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक ने जगदलपुर मेडिकल कॉलेज (मेकाज) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक को उसकी प्रेमिका ने शांतिनगर स्थित अपने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद लोगों के साथ मिलकर उस पर चाकू और पत्थरों से हमला किया गया और बाद में उसे कुएं में फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान दिलीप कड़ियम के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई दुर्गेश कड़ियम के अनुसार, दिलीप और युवती बीजापुर नगर पालिका में कार्यरत थे और पिछले एक वर्ष से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। बाद में दिलीप को पता चला कि युवती विवाहित है, लेकिन वह इसके बावजूद उसके साथ जीवन बिताने को तैयार था।
परिजनों के अनुसार, 5 जुलाई को युवती ने दिलीप को शांतिनगर स्थित अपने घर बुलाया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवती और उसके साथियों ने कथित तौर पर पहले पत्थर से सिर पर हमला किया, फिर चाकू से कई वार किए। आरोप है कि गंभीर रूप से घायल दिलीप को बाद में पास के एक कुएं में फेंक दिया गया।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को कुएं से बाहर निकालकर पहले बीजापुर जिला अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में मेकाज, जगदलपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



