Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। रतनपुर-कोटा मार्ग पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार शातिर आरोपियों को रतनपुर पुलिस ने घटना के महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 6,300 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं और इनमें से कुछ पूर्व में भी लूट की वारदातों में संलिप्त रह चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, भारत कुमार सूर्यवंशी निवासी भेड़ीमुड़ा, रतनपुर ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने मामा के गांव नेवरा (कोटा) से 15 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रतनपुर-कोटा मार्ग स्थित भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उसकी बाइक को पैर मारकर गिरा दिया और जेब में रखे 5,000 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
इसी दौरान अरुण कुमार राज निवासी ग्राम खैरा, जो कोटा से रतनपुर की ओर आ रहे थे, उन्हें भी आरोपियों ने रोक लिया। बदमाशों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए 15,000 रुपये नगद तथा उनका मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित कर देर रात ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पीड़ितों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस का संदेह पूर्व में लूट के मामले में गिरफ्तार हो चुके गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी पर गया। घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में राजा सारथी ने अपने साथियों शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दोनों पीड़ितों से कुल 20,000 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन लूटा था तथा रकम का बंटवारा कर उसका एक बड़ा हिस्सा खर्च कर दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 6,300 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त यामाहा आर-15 और बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल जब्त कर ली। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी (21 वर्ष), निवासी भैरव बाबा मंदिर के पास, रतनपुर।
शिवप्रसाद यादव (27 वर्ष), निवासी कलमीटार।
अनवर खान (18 वर्ष), निवासी कलमीटार।
ओमप्रकाश पोर्ते (20 वर्ष), निवासी कलमीटार, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप एवं कीर्ति पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस की इस तेज कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है तथा उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।



