Oplus_131072
ट्रस्ट बिल्डिंग (विश्वास निर्माण) को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश।
थाना क्षेत्र की समस्याओं, राजनीतिक एवं नक्सल समीकरण, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक संगठनों की गतिविधियों की ली विस्तृत जानकारी।
सीसीटीएनएस तथा अन्य पोर्टलों में शत-प्रतिशत प्रविष्टि के दिए निर्देश।
सीएम हेल्पलाइन एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल (भा.पु.से.) ने आज जिले के सभी थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था, नक्सल गतिविधियों एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक थाना प्रभारी से उनके थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, नक्सल गतिविधियों, स्थानीय राजनीतिक समीकरण, सामाजिक संगठनों की सक्रियता, संवेदनशील क्षेत्रों, जनसमस्याओं तथा पुलिस के समक्ष आने वाली चुनौतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही थाना क्षेत्रों में संचालित पुलिस गतिविधियों, अपराध नियंत्रण, जनसंपर्क, लंबित अपराध एवं शिकायतों तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी विस्तार से समीक्षा की।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल ने कहा कि नारायणपुर जिला वर्तमान में नक्सल समस्या के समाप्ति उपरांत संक्रमणकाल से गुजर रहा है। ऐसी परिस्थिति में पुलिस की प्राथमिकता केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम जनता के साथ विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित करना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ट्रस्ट बिल्डिंग (विश्वास निर्माण) को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें, नियमित ग्राम भ्रमण करें तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं युवाओं के साथ सतत संपर्क बनाए रखने, थाना क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने तथा सक्रिय एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने सभी थाना प्रभारियों को iRAD, e-DAR, MedLeaPR एवं सीसीटीएनएस पोर्टलों में शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पोर्टलों में दर्ज जानकारी की गुणवत्ता एवं अद्यतन स्थिति बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन , राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त , पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण, अनुशासन, पारदर्शिता तथा जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।



