Oplus_131072
तारबाहर पुलिस एवं साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई, फरार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद।
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति के साथ मारपीट कर जान से मारने की कोशिश के मामले में तारबाहर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये की फिरौती के लालच में हत्या करने की नीयत से पीड़ित पर हमला किया था। मामले में पुलिस ने पूर्व में एक आरोपी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा था, जबकि फरार चल रहे आरोपी आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर (23 वर्ष), निवासी समता नगर गौरेला, थाना गौरेला, जिला जीपीएम को अब गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान किया गया हमला…
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी शिशिर कश्यप ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गया था। घर लौटने के दौरान उसके पिता ने फोन कर बताया कि वे सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए तथा हाथों में डंडा और नुकीली वस्तु लेकर वहां पहुंचे।
आरोप है कि आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की। घटना की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस…
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तारबाहर निरीक्षक रविशंकर तिवारी एवं एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान करते हुए संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए।
पांच-पांच लाख रुपये देने का दिया गया था लालच…
पुलिस के अनुसार पूर्व में गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम एवं विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिया था।
पुलिस के अनुसार इसी कथित योजना के तहत आरोपी बिलासपुर पहुंचे और रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति को निशाना बनाते हुए उस पर हमला किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
फरार आरोपी को घर से पकड़ा, डंडा बरामद…
फरार आरोपी आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर पीड़ित पर डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज…
तारबाहर पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान…
इस पूरी कार्रवाई में थाना तारबाहर प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक महेन्द्र सोनकर, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेदले सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
तारबाहर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।




