Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज, रायपुर। थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा चाकू की नोक पर ट्रक चालक से नकदी एवं मोबाइल फोन लूटने वाले 04 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त चाकू, लूट की रकम, मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से क्षेत्र में घटित अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ एवं जांच की जा रही है।
घटना का विवरण…
प्रार्थी सुनील राम, ग्राम भरौली, थाना नरही, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) निवासी है तथा वर्तमान में रांवाभाठा, रायपुर में रहकर नारायण मूर्ति ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्य करता है।
प्रार्थी दिनांक 26.08.2026 को ट्रक क्रमांक CG 04 PP 5250 में जिला जांजगीर-चांपा से लोहा लोड कर श्री राम दूत इस्पात कंपनी, ग्राम कोनारी पहुंचा था। कंपनी के बाहर ट्रक खड़ा करने के बाद प्रार्थी ट्रक के केबिन में सो गया था।
दिनांक 27.08.2026 की रात्रि करीब 02:00 बजे चार अज्ञात आरोपी ट्रक के केबिन का कांच खोलकर अंदर प्रवेश किए। आरोपियों ने प्रार्थी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब में रखे ₹4,500 नगद एवं Redmi कंपनी का मोबाइल फोन, कीमती ₹5,000, लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान आरोपियों द्वारा आपस में साहिल, सोनू एवं वीरू नाम लेकर एक-दूसरे को पुकारा जा रहा था। आरोपियों में से एक द्वारा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QY 6670 का उपयोग किया जा रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने की त्वरित कार्यवाही…
घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विधानसभा श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमें गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई।
घटना को अंजाम देने के तरीके, आरोपियों द्वारा प्रयुक्त वाहन, प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की पतासाजी की गई।
पुलिस टीम द्वारा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चारों आरोपियों को कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्त होना स्वीकार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, लूट की रकम ₹4,500, Redmi मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से उनके आपराधिक रिकॉर्ड एवं क्षेत्र में घटित अन्य लूट, चोरी एवं आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। अन्य घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी…
01. अकबर पारधी पिता सदा प्रीत पारधी उम्र 23 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 07 ग्राम जलसों थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर।
02. सोनू मांडवी पिता मतवार मांडवी उम्र 21 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 05 ग्राम खमरिया, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर।
03. साहिल उइके पिता पुजारी उइके उम्र – 18 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 07 ग्राम जलसों, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर।
04. विरु पारधी पिता महेश पारधी उम्र 25 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 02, ग्राम देवगांव, थाना खरोरा, जिला रायपुर।
जप्त/बरामद सामग्री…
1. घटना में प्रयुक्त 01 नग चाकू।
2. लूट की रकम ₹4,500
3. Redmi कंपनी का 01 नग मोबाइल फोन, कीमती ₹5,000।
4. घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल, कीमती ₹50,000।
कुल जप्त/बरामद मशरूका – ₹59,500।
आरोपियों के विरुद्ध थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य घटनाओं में संलिप्तता के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं जांच जारी है।




