Oplus_131072
गर्भवती पंजीयन, टीकाकरण, कैंसर स्क्रीनिंग और आयुष्मान कार्ड में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर।
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीष मिश्रा
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए आगामी सप्ताह तक गर्भवती महिलाओं का पंजीयन 90 प्रतिशत, प्रथम तिमाही में पंजीयन 95 प्रतिशत तथा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण कार्यक्रम में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत HPV टीकाकरण कराने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं NRC में 100 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने तथा धरसींवा NRC को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए गए।
एनसीडी कार्यक्रम के तहत उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच में लक्ष्य के विरुद्ध 90 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल करने तथा ओरल, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग 75 प्रतिशत से अधिक करने के निर्देश दिए। साथ ही एनीमिया मुक्त भारत अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने को कहा गया।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत भ्रमण और स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने तथा ‘A’ कैटेगरी के सभी बच्चों का उपचार कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा टीबी नोटिफिकेशन एवं निक्षय मित्र योजना में शत-प्रतिशत उपलब्धि, डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता अभियान चलाने तथा आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड बनाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




