Oplus_131072
“एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए विज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की आवश्यकता”
बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। छात्र छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण , तार्किक सोच विकसित करने, उच्च नीति नैतिकता लाने एवं वैज्ञानिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र गुप्ता के सहयोग से ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी कोरिया द्वारा द्वितीय जिला साइंस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसका विषय “एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए विज्ञान व वैज्ञानिक दृष्टिकोण की आवश्यकता” रहा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ सौमित्र बनर्जी पूर्व प्रोफेसर एवं डीन इंडियन इंस्टीट्यूट साइंस एडुकेशन एंड रिसर्च कोलकाता, पूर्व प्रोफेसर आई आई टी खड़गपुर, शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित वैज्ञानिक एवं ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी ऑल इंडिया कमिटी के जनरल सेक्रेटरी रहे। अति विशिष्ट अतिथि डीईओ कोरिया श्री जितेंद्र गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि डॉ मैफुज अली असिस्टेंट प्रोफेसर आई आई आई टी भिलाई रहे , श्री पतित पावन कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी एवं सुश्री पूजा शर्मा राज्य संयोजक ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी छ ग रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अनिल चंद्र बंजारे व्याख्याता डाईट कोरिया रहे।
सम्मेलन में जिले के शिक्षकों, विद्यार्थियों, विज्ञानप्रेमियों एवं जागरूक नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में व्याप्त अंधविश्वास, रूढ़ियों एवं अवैज्ञानिक धारणाओं के स्थान पर तर्क, प्रमाण, वैज्ञानिक सोच और प्रश्न करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना रहा।
डॉ. सौमित्र बनर्जी रहे मुख्य वक्ता….
उन्होंने अपने संबोधन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण की आवश्यकता और समाज के विकास में विज्ञान की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में श्री जितेंद्र गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी, कोरिया द्वारा उद्घाटन संबोधन दिया गया। इसके अलावा श्री वरुण कुमार कुशवाहा, सहायक प्राध्यापक, वनस्पति शास्त्र विभाग, शासकीय नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैकुण्ठपुर ने भी विषय पर अपने वक्तव्य रखे।
कॉन्फ्रेंस के दौरान विज्ञान प्रदर्शनी, गणित पजल और साइंस मैजिक रहा आकर्षण का केंद्र…
सम्मेलन के दौरान विज्ञान प्रदर्शनी गणित पजल और साइंस मैजिक के माध्यम से वैज्ञानिक सिद्धांतों को मनोरंजक एवं रोचक तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों के व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विज्ञान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे।
ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी कोरिया की नई जिला समिति का गठन…
सम्मेलन के दौरान ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी कोरिया की नई जिला समिति के गठन की प्रक्रिया भी संपन्न की गई। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिले में वैज्ञानिक चेतना के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन का आयोजन ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी कोरिया के अध्यक्ष कमल डडसेना एवं सचिव अमरनाथ सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सदस्य शिक्षकगण ताहिरा बानो, नीतू कुशवाहा, अभिषेक राजपूत, अनिल दास, रवि प्रकाश एवं बृजलाल दीवान , सुरेंद्र राजवाड़े , पूनम पांडे , मीना पैकरा, आकांक्षा जाटवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि स्वस्थ, तर्कशील, प्रगतिशील और बेहतर समाज के निर्माण का आधार है। इसलिए बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
सम्मेलन का समापन कार्यक्रम अध्यक्ष श्री अनिल बंजारे द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।




