Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/उपेंद्र सिंह
नवरंगपुर। ओडिशा के नवरंगपुर जिले के हाटभारवन पंचायत अंतर्गत सोनार पारा गांव में मानव उत्थान सेवा समिति, हाटभारवन पंचायत के तत्वावधान में मंगलवार, 8 सितंबर को भव्य सत्संग समारोह एवं सद्भावना जन जागरण अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हरिद्वार से पधारे संत महात्माओं ने अपने आध्यात्मिक प्रवचनों से उपस्थित जनसमूह को मानवता, प्रेम और एकता का संदेश दिया। संतों ने कहा कि आज के समय में समाज को तोड़ने वाली ताकतों से बचने के लिए सद्भावना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।
इस पावन अवसर पर गांव के समस्त गायता, पुजारी, जंगल कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। सभी ने पूरे मनोयोग से सत्संग का श्रवण किया।
सद्भावना रैली निकाली गई
सत्संग समारोह के पश्चात गांव में सद्भावना जन जागरण रैली भी निकाली गई। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हाथों में मानवता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश वाली तख्तियां लिए ग्रामीणों ने पूरे गांव का भ्रमण किया और लोगों को जागरूक किया।
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम और रैली का मुख्य उद्देश्य मानवता का कल्याण, समाज में आपसी विश्वास को मजबूत करना और उज्ज्वल भविष्य के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंत में मानव उत्थान सेवा समिति ने आए हुए सभी संतों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।




