Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे की रिपोर्ट
सीपत/बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल एवं अल्प्राविन टैबलेट कुल 4,750 नग जब्त किए हैं। जब्त नशीली दवाओं का कुल वजन 2,495.64 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 21(सी), 22(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि इसके पीछे जुड़े पूरे सप्लाई नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर घर में दी गई दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने पुत्र मुकेश कुमार लोनिया तथा रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा के साथ मिलकर दूसरे प्रांत से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल एवं टैबलेट लाकर क्षेत्र में बिक्री करने की तैयारी कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। निर्देश मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर यादव के नेतृत्व में एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम ने रणनीति तैयार की।
इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम गुड़ी स्थित उग्रसेन लोनिया के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट मिले। पुलिस के अनुसार मौके पर तीनों आरोपी मौजूद थे और इन दवाओं को बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से रखा गया था।
4,750 नशीले कैप्सूल-टैबलेट बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल एवं अल्प्राविन टैबलेट कुल 4,750 नग जब्त किए। जब्त सामग्री का कुल वजन 2,495.64 ग्राम तथा अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास इन दवाओं को रखने अथवा बिक्री करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय पर्चा नहीं मिला। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पिता-पुत्र सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
1. उग्रसेन लोनिया, पिता छेडूराम लोनिया, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़ी लोनियापारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
2. मुकेश कुमार लोनिया, पिता उग्रसेन लोनिया, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़ी लोनियापारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
3. परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा, पिता लक्ष्मी प्रसाद लोनिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़ी लोनियापारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुकेश लोनिया पूर्व में भी धारा 21 एवं 22 नारकोटिक्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इस तथ्य को भी वर्तमान जांच में शामिल किया गया है।
सप्लाई चेन तक पहुंचने में जुटी पुलिस
बिलासपुर पुलिस इस मामले को केवल स्थानीय स्तर पर नशीली दवाओं की बरामदगी का मामला नहीं मान रही है। पुलिस द्वारा अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित दवाओं की यह खेप कहां से लाई गई, किसके माध्यम से आरोपियों तक पहुंची और आगे किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी।
पुलिस का कहना है कि नशीली दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान गिरफ्तार एवं संलिप्त आरोपियों के फायनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति और आर्थिक लेन-देन की जानकारी सामने लाई जा सके। इसके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
युवाओं और बच्चों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को लेकर पुलिस गंभीर
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री का सीधा असर युवा वर्ग और बच्चों पर पड़ सकता है। नशीली दवाओं के कारोबार से जुड़े लोगों पर प्रभावी कार्रवाई कर पुलिस ऐसे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने का प्रयास कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और जांच में सामने आने वाले अन्य संबंधित व्यक्तियों तक भी पुलिस पहुंचने का प्रयास करेगी।
संयुक्त टीम की कार्रवाई की सराहना
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजेश मिश्रा, थाना प्रभारी सीपत, निरीक्षक गोपाल सतपथी, प्रभारी एसीसीयू बिलासपुर, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, शिव सिंह बक्साल, महिला आरक्षक शकुंतला साहू, आरक्षक आशीष राठौर, बीरेंद्र राजपूत, मुकेश शर्मा, रमेश यादव, महादेव कुजूर, धीरेंद्र सिंह तोमर एवं राकेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने संयुक्त पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।




