Oplus_131072
केसला पाठ पहाड़ पर जले दीये, मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल ने मांगी दीर्घायु की कामना।
बुलंद टाइम्स न्यूज, तमता। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अवसर पर ग्राम पंचायत तमता सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर तमता के विभिन्न शासकीय एवं निजी संस्थानों में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की गई।
अभियान के तहत लुड़ेग-तमता मंडल के कार्यकर्ताओं ने तमता स्थित प्रसिद्ध केसला पाठ पहाड़ पर विशेष दीप प्रज्वलन किया। पहाड़ की चोटी पर जलाए गए दीयों से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी जीवन और देश सेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत तमता के वरिष्ठ नागरिक गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने अपने निजी संस्थान में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर दीप जलाकर उनके दीर्घायु जीवन और निरंतर देश सेवा की मंगलकामना की गई है।
पूरे पंचायत क्षेत्र में शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं निजी प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलन के चलते दीपोत्सव जैसा माहौल नजर आया। स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं संस्था प्रमुखों ने अभियान में भाग लेकर जन्मदिवस के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।




