Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में दहशत फैलाने और धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर अड्डेबाजों एवं आदतन बदमाशों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसी दौरान 18 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि ज्वाली नाला, तेलीपारा रोड के पास एक युवक धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से आरोपी विक्की खटीक पिता अशोक खटिक, उम्र 22 वर्ष, निवासी डी.पी. कॉलेज के पास टिकरापारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का कृत्य धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 534/2026 दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अड्डेबाजी करने वालों, आदतन बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निगरानी एवं वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




