Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
पाली/कोरबा। प्राथमिक शाला बापापुती, संकुल निरधि, विकासखंड पाली, जिला कोरबा में विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए उपयोगी पुस्तकें वितरित की गईं। यह पुस्तक वितरण शाला के सहायक शिक्षक नारायण सिंह राजपूत द्वारा किया गया। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
पुस्तक वितरण के दौरान विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के महत्व के बारे में बताया गया। शिक्षक श्री राजपूत ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा लगन के साथ परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों, तो वे बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
बताया गया कि नारायण सिंह राजपूत द्वारा इससे पूर्व भी जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने जशपुर जिले में गरीब कोरवा समाज के बच्चों के लिए स्वेटर, जूते तथा बैठने के लिए टेबल-कुर्सी उपलब्ध कराने में सहयोग किया था। उनके इस प्रयास का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना रहा है।
पुस्तक वितरण कार्यक्रम में संस्था के प्रधानपाठक श्री बी.आर. पोर्ते एवं श्री बी.पी. बर्मन उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में निश्चित रूप से मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों में भी उत्साह देखने को मिला। शाला परिवार ने बच्चों की शिक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।




