Oplus_131072
शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री केदार कश्यप की बड़ी घोषणा।
दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की मदद और हर परिस्थिति में पत्रकारों के साथ खड़े रहने का दिया भरोसा।
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। नारायणपुर न्यू प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में शनिवार को पत्रकारों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा हुई। समारोह के मुख्य अतिथि एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप ने न्यू प्रेस क्लब की मांग पर मंच से ही नारायणपुर में नए पत्रकार भवन के निर्माण की घोषणा की। मंत्री की घोषणा के बाद समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा,मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विषम परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण नक्सली क्षेत्र में नारायणपुर के पत्रकार जिस साहस, जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपनी भूमिका निभा रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं और कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी समाज और शासन के बीच संवाद कायम रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।
दिवंगत पत्रकार साथियों के परिवारों को भी मदद का भरोसा
मंत्री केदार कश्यप ने न्यू प्रेस क्लब की मांगों और पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए दो दिवंगत पत्रकार साथियों के परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के हितों से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा।
नारायणपुर की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने विभिन्न क्षेत्रों में नारायणपुर जिले का नाम गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नारायणपुर की पहचान केवल भौगोलिक या प्रशासनिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की प्रतिभाएं शिक्षा, खेल, साहित्य, कला, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में जिले का नाम रोशन कर रही हैं।
शपथ से पहले गूंजी पत्रकारिता की आवाज
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राज्य गीत प्रस्तुत किया गया। न्यू प्रेस क्लब के महासचिव डॉ. अभिषेक बेनर्जी ने स्वागत भाषण देते हुए नारायणपुर में पत्रकारिता की चुनौतियों और न्यू प्रेस क्लब की स्थापना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित एवं भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र नारायणपुर में पत्रकारिता केवल खबर लिखने का कार्य नहीं, बल्कि कई बार विपरीत परिस्थितियों के बीच सच्चाई को समाज तक पहुंचाने का साहसिक दायित्व है। न्यू प्रेस क्लब की स्थापना पत्रकारों के बीच एकता, गरिमा, सुरक्षा, सहयोग और पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
अध्यक्ष ने कहा—एकजुटता के साथ जनहित की पत्रकारिता हमारा संकल्प
न्यू प्रेस क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री सुनील सिंह राठौर ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता, निष्पक्षता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ही क्लब की प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों का आह्वान करते हुए कहा कि हम आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ पत्रकारिता की गरिमा को और मजबूत करें तथा शासन-प्रशासन से अपेक्षा है कि पत्रकारों की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ सहयोग प्रदान किया जाए।
जन्मदिन पर मिली दोहरी खुशी, मंत्री ने दी बधाई
नवनियुक्त अध्यक्ष के लिए समारोह का दिन दोहरी खुशी लेकर आया। आज ही उनका जन्मदिन भी था और इसी अवसर पर उन्होंने न्यू प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद की शपथ ली। मंत्री केदार कश्यप ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की बधाई दी।
‘कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारिता की मशाल जलाए रखना बड़ी जिम्मेदारी’
समारोह में मंत्री केदार कश्यप ने पत्रकारों के लिए अपने संबोधन में कहा कि नारायणपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में पत्रकारिता करना सामान्य परिस्थितियों में काम करने जैसा नहीं है। यहां पत्रकारों को अनेक चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। इसके बावजूद पत्रकार लगातार लोकतंत्र की आवाज को जनता तक पहुंचा रहे हैं।उन्होंने पत्रकारों के साहस और जिम्मेदारी की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकारिता की मशाल जलाए रखना लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बस्तर प्रेस क्लब अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने बताई पत्रकारिता की बदलती तस्वीर
जगदलपुर से विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे बस्तर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने पत्रकारिता के इतिहास से लेकर वर्तमान दौर की पत्रकारिता तक पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के माध्यम और स्वरूप बदले हैं, लेकिन पत्रकारिता का मूल उद्देश्य आज भी समाज के सामने तथ्य और सच्चाई को रखना है।उन्होंने पत्रकारों से बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप तकनीक और नए माध्यमों को अपनाते हुए पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, विश्वसनीयता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखने का आह्वान किया।
मंचासीन अतिथियों का शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह से सम्मान
समारोह में मंचासीन अतिथियों का न्यू प्रेस क्लब के पत्रकारों द्वारा शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इनमें पद्मश्री हेमचंद मांझी, लघु वन उपज आयोग के अध्यक्ष रूपे सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद वकील, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, साहित्यकार शिवकुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर, एसडीएम अभयजीत मंडावी सहित विभिन्न समाज प्रमुख शामिल रहे।
मंत्री ने दिलाई पत्रकारों को शपथ
समारोह का प्रमुख आकर्षण न्यू प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण रहा। मुख्य अतिथि मंत्री केदार कश्यप ने न्यू प्रेस क्लब के पत्रकारों को शपथ दिलाई। पत्रकारों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष पत्रकारिता, जनहित और पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने के संकल्प के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ ली।
आभार के साथ हुआ समारोह का समापन
कार्यक्रम के अंत में न्यू प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष बिंदेश पात्र ने अतिथियों, पत्रकार साथियों, समाज प्रमुखों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह का समापन हुआ।




