Oplus_131072
पांच दिवसीय गणेशोत्सव का हुआ समापन, शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
बुलंद टाइम्स न्यूज, तमता। पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत तमता में सिद्धिविनायक गणेशोत्सव समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय गणेश उत्सव का समापन शनिवार को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के साथ हुआ। बप्पा की विदाई के लिए निकली भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आधुनिक डीजे की धुन और आकर्षक लाइटिंग के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते हुए शामिल हुए। पूरे गांव में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजते रहे।
गांव के मुख्य पंडाल में पांच दिनों तक भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। प्रतिदिन सुबह और शाम आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
शुक्रवार को पंडाल में पंडित सदानंद शर्मा और जज मानो द्वारा हवन-पूजन कराया गया। इसके बाद शनिवार को समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें दाल, चावल, सब्जी, पूड़ी सहित विभिन्न व्यंजन श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
जांजगीर का आधुनिक डीजे और कोरबा की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
गणेश विसर्जन के लिए निकली शोभायात्रा में जांजगीर से आए आधुनिक डीजे सेटअप और आकर्षक लाइटिंग लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं कोरबा से आए जीवंत गोरिल्ला और भेड़िया की झांकी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। डीजे की धुन पर युवा और श्रद्धालु जमकर झूमे।
पंडाल से शुरू हुई शोभायात्रा बाजारपारा, स्कूलपारा, गांधी चौक और टोंगरीपारा होते हुए वापस गांधी चौक पहुंची। इसके बाद नाका पारा होते हुए शोभायात्रा बालाझर रोड स्थित मुख्य तालाब पहुंची। यहां रात करीब 10 बजे भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस दौरान रास्तेभर श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते नजर आए।
सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस का रहा सहयोग
विसर्जन शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा पहले से ही पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई थी। सूचना के बाद थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शोभायात्रा एवं विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस बल की मौजूदगी और सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सिद्धिविनायक गणेशोत्सव समिति के अध्यक्ष साहिल होता ने बताया कि पांच दिवसीय गणेश उत्सव को सफल बनाने में शुरू से लेकर अंत तक आदित्य दास, अंकित नंदे, बंटी होता, संदीप होता, प्रियांशु वैष्णव, शुभम होता, राहुल बरेठ एवं अरुण होता का विशेष सहयोग रहा।
वहीं विसर्जन के दौरान मनीष शर्मा, प्रवीण नंदे, रमेश यादव, योगेश यादव, गणेश यादव, हुरदानंद यादव, शैलेश शर्मा, केशव दास, अंकित त्रिपाठी सहित अन्य समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने व्यवस्था संभालने में विशेष सहयोग दिया। समिति ने सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




