Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा दानशीलता, सौहार्द एवं अनुकरणीय सामाजिक कार्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रतिवर्ष ‘दानवीर भामाशाह सम्मान’ प्रदान किया जाता है। वर्ष 2026 के सम्मान के लिए पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। राज्योत्सव 2026 के अवसर पर इस सम्मान के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित किए जाने की जानकारी भी प्रकाशित हुई है।
जिला समाज कल्याण कार्यालय, रायपुर के अनुसार चयनित व्यक्ति अथवा संस्था को एक लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। ऐसे व्यक्ति एवं संस्थाएं, जिन्होंने दानशीलता, सामाजिक सेवा तथा समाजहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं अनुकरणीय कार्य किए हैं, इस सम्मान के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं।
इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्था निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ 30 सितंबर 2026 तक जिला समाज कल्याण कार्यालय, रायपुर में अपना प्रस्ताव जमा कर सकते हैं।
आवेदन प्रारूप में व्यक्ति/संस्था का परिचय, छत्तीसगढ़ में निवासी अथवा कार्यरत होने की स्थिति, दानशीलता एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्य, राष्ट्रीय स्तर पर योगदान, राज्य एवं समाजहित में किए गए कार्य, पूर्व में प्राप्त पुरस्कारों का विवरण तथा संबंधित कार्यों के प्रमाण आदि की जानकारी प्रस्तुत करनी होगी।
विभाग ने इच्छुक आवेदकों से निर्धारित समय-सीमा में प्रस्ताव प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया के लिए उनके कार्यों का परीक्षण किया जा सके।
अधिक जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण कार्यालय, रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-4919323 पर संपर्क किया जा सकता है।




