Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मुख्यालय में महासचिव (राष्ट्रीय प्रभारी) श्री ललित वाधवा से मुलाकात कर प्रदेश में रेड क्रॉस की सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में राष्ट्रीय मुख्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. वंशश्री सिंह एवं श्री कौस्तुभ दिनकर कुकड़े से भी राज्य शाखा की सेवा गतिविधियों, आवश्यकताओं एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने पर जोर
छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की ओर से प्रदेश की स्वास्थ्य एवं मानवीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक सेवा-विस्तार एवं संस्थागत सुदृढ़ीकरण प्रस्ताव राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष रखा गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण, आदिवासी, दूरस्थ एवं जरूरतमंद क्षेत्रों तक रेड क्रॉस की सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
प्रस्ताव में एम्बुलेंस सुविधा, चलित रक्तदान सेवाओं का विस्तार, प्राथमिक उपचार एवं प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता प्रशिक्षण, रक्त सेवाओं एवं रक्त भंडारण व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता तथा मानवीय राहत सेवाओं को मजबूत करने के लिए सहयोग का अनुरोध किया गया।
सिकल सेल और थैलेसीमिया जागरूकता पर भी चर्चा
सुरगुजा एवं बस्तर जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से संबंधित जनजागरूकता एवं सहायता, स्वैच्छिक रक्तदाता नेटवर्क को मजबूत करने तथा जरूरतमंद मरीजों तक सहायता पहुंचाने के लिए विशेष पहल पर भी चर्चा हुई।
बालोद जिले के गुरुर तहसील के डुबचेरा में उपलब्ध भवन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा विकसित करने के लिए आवश्यक सहयोग का विषय भी राष्ट्रीय मुख्यालय के समक्ष रखा गया।
नेत्रदान एवं अंगदान को बढ़ावा देने की पहल
नई दिल्ली प्रवास के दौरान चेयरमैन श्री तोमन साहू ने राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (NOTTO) के निदेशक श्री कुमार से भी भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में नेत्रदान एवं अंगदान को बढ़ावा देने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा जनभागीदारी मजबूत करने पर चर्चा हुई।
राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO) के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश में नेत्रदान एवं अंगदान के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य करने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया।
‘मानवता और सेवा’ रेड क्रॉस का मूल आधार
चेयरमैन श्री तोमन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे विशाल एवं भौगोलिक रूप से विविध राज्य में स्वास्थ्य एवं मानवीय सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस की भूमिका को और मजबूत करने की आवश्यकता है। प्रयास है कि रेड क्रॉस स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रतिक्रिया और जनजागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सेवा देने वाली मजबूत संस्था के रूप में और प्रभावी बने।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण, आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। रेड क्रॉस का मूल आधार मानवता और सेवा है तथा प्रयास रहेगा कि जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने में दूरी या संसाधनों की कमी बाधा न बने।
राष्ट्रीय मुख्यालय ने सहयोग का दिया आश्वासन
छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर राष्ट्रीय मुख्यालय में सकारात्मक चर्चा हुई। महासचिव श्री ललित वाधवा ने प्रदेश की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य शाखा को आवश्यक सहयोग एवं समन्वय का आश्वासन दिया।
आने वाले समय में आवश्यकतानुसार विस्तृत परियोजना प्रस्ताव एवं तकनीकी विवरण राष्ट्रीय मुख्यालय को उपलब्ध कराए जाएंगे। सहयोग से प्रदेश में रक्तदान एवं रक्त सहायता, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, आपदा राहत तथा जरूरतमंद एवं वंचित समुदायों के लिए मानवीय सहायता को गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर श्री अशोक झुनझुनवाला, डॉ. रूपल पुरोहित एवं श्री युगल किशोर सिन्हा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने राष्ट्रीय मुख्यालय के सकारात्मक मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सेवा, संवेदना और मानवता के मूल उद्देश्य के साथ प्रदेश के जरूरतमंद लोगों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।




