Oplus_131072
नदी-नालों और मार्गों पर बढ़े जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील।
नारायणपुर। जिले में हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों और सड़क मार्गों पर बह रहे पानी की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर ने विभिन्न नदी, नालों, तालाबों एवं जलभराव वाले स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पालकी पहुंच मार्ग का जायजा लिया। यहां खेतों के बीच से होकर गुजरने वाली सड़क के ऊपर पानी बह रहा था। कलेक्टर ने मौके की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों और राहगीरों को जोखिम वाले स्थान से गुजरने से रोका जा सके। उन्होंने सड़क के ऊपर पानी बहने की स्थिति में किसी भी वाहन को पानी ऊपर से पार नहीं कराने की सलाह दी।
इसके बाद प्रशासनिक दल ने ब्रेहेबड़ा नाला का निरीक्षण किया। नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ पाए जाने पर अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने और नाले के ऊपर से बह रहे पानी को पार नहीं करने की अपील की। प्रशासन ने लोगों से विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की है।
निरीक्षण दल ने डूमरतराई पहुंच मार्ग में निर्माणाधीन पुलिया के पास कुकुर नदी की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके बाद बंधवा तालाब होते हुए बखरूपारा स्थित गोटियारी तालाब का निरीक्षण किया गया और जलस्तर की स्थिति देखी गई। इसके पश्चात एड़का सड़क का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभयजीत मंडावी और तहसीलदार वेद प्रकाश साहू सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर नम्रता जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि लगातार बारिश को देखते हुए सभी लोग अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा नदी, नाले और तेज बहाव वाले जलभराव क्षेत्रों के पास जाने से बचें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान सतर्क रहें और किसी भी जोखिम वाले स्थान पर पानी पार करने का प्रयास न करें।




