Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और निर्धारित नियमों व प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन करने पर रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन समेत साउंड सिस्टम एवं अन्य उपकरणों को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण और निर्धारित ध्वनि सीमा के उल्लंघन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार 25 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर पुलिस की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान नूतन चौक, बड़ी बाजार रतनपुर में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान एक डीजे संचालक द्वारा तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डीजे संचालक को समझाइश देते हुए ध्वनि कम करने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार समझाइश के बावजूद डीजे की आवाज कम नहीं की गई। इसके बाद रतनपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन को थाना परिसर लाकर उसमें लगे साउंड सिस्टम एवं अन्य उपकरणों को जब्त कर लिया।
यह सामान हुआ जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान माजदा वाहन क्रमांक CG 10 CB 8529, वाहन में बंधे 10 नग साउंड बॉक्स, 12 नग लाइट, 3 नग जनरेटर सहित डीजे से संबंधित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
डीजे संचालक पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस द्वारा डीजे संचालक राजेश मार्को, पिता रामनारायण मार्को, उम्र 23 वर्ष, निवासी खाड़ा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
रतनपुर पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक आयोजनों के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना आवश्यक है। न्यायालय एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेशों का उल्लंघन किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखना है।




