Oplus_131072
अमरजीत सिंह/बुलन्द टाइम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जलाशयों में जलभराव बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बैकुण्ठपुर विकासखंड की झुमका मध्यम परियोजना में 99 प्रतिशत तथा गेज मध्यम परियोजना में 101 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है। दोनों मध्यम परियोजनाओं को मिलाकर जलभराव 100 प्रतिशत दर्ज है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री ए. टोप्पो ने बताया कि जिले के जलाशयों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बारिश को देखते हुए संबंधित अमला जलाशयों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जिले में लगातार बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
जलभराव अथवा किसी आपात स्थिति की सूचना होने पर नागरिक बैकुण्ठपुर एवं सोनहत अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी (रा.), संबंधित तहसीलदार अथवा स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
वाहन चलाते समय बरतें विशेष सावधानी…
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। उन्होंने दुपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से बारिश के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा फिसलन वाले मार्गों पर गति नियंत्रित रखने कहा है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नदी, नाले, तालाब, डैम और जलप्रपात जैसे स्थानों पर अकेले नहीं भेजने की अपील की। साथ ही जलभराव और फिसलन वाले स्थानों से भी दूर रखने कहा है।
बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें…
कलेक्टर ने नागरिकों से बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने मवेशियों एवं अन्य पशुओं को भी ऐसे स्थानों से दूर रखने कहा है।
क्षतिग्रस्त भवनों में बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश…
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों, छात्रावासों और आश्रम शालाओं सहित अन्य भवनों में यदि किसी प्रकार की क्षति अथवा जीर्ण-शीर्ण स्थिति दिखाई दे, तो ऐसे भवनों में बच्चों को नहीं बैठाया जाए। उन्होंने ऐसी स्थिति की सूचना संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को देने के निर्देश भी दिए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।




