Oplus_131072
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में 239 नागरिकों का सुरक्षित रेस्क्यू
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीश मिश्रा
रायपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कई निचले और नदी किनारे के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ प्रभावित ग्राम भाठागांव, चंदनीडीह, दतरेंगा एवं काठाडीह सहित अन्य क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश एवं संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं।
भाठागांव में 54 नागरिकों का रेस्क्यू
ग्राम भाठागांव में नायब तहसीलदार श्री प्रवीण परमार एवं नगर निगम जोन क्रमांक-6 के जोन कमिश्नर श्री हितेंद्र यादव की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य किया गया। यहां अब तक 54 नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन, भाठागांव में ठहराया गया है। राहत केंद्र में प्रभावित लोगों के लिए भोजन, नाश्ता एवं पेयजल की व्यवस्था की गई है। केशरी बगीचा, बीजीआर पेट्रोल पंप एवं हरिओम नगर क्षेत्र में भी बचाव अभियान जारी है।
चंदनीडीह में 185 नागरिक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे
ग्राम चंदनीडीह में नायब तहसीलदार श्री सौरभ कश्यप तथा नगर निगम जोन क्रमांक-8 के कार्यपालन अभियंता श्री अतुल चोपड़ा की मौजूदगी में एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। यहां अब तक 185 नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। चंदनीडीह एवं श्रीलंका पारा क्षेत्र में बचाव अभियान अभी भी जारी है।
रेस्क्यू किए गए लोगों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1, 2 एवं 3, सामुदायिक भवन दुर्गा चौक, सामुदायिक भवन रेतिखोली चंदनीडीह तथा शासकीय प्राथमिक शाला चंदनीडीह को सुरक्षित पुनर्वास स्थल के रूप में उपयोग किया जा रहा है।
इस प्रकार भाठागांव एवं चंदनीडीह से अब तक कुल 239 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
आरंग के निसदा और गोइंदा में भी राहत अभियान
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण विकासखंड आरंग के महानदी से लगे ग्राम निसदा एवं गोइंदा में जलभराव की स्थिति निर्मित हुई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर प्रशासन एवं राहत दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया।
एसडीएम आरंग सुश्री अभिलाषा पैकरा के मार्गदर्शन में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। ग्राम निसदा में करीब 100 परिवारों के 300 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि ग्राम गोइंदा में 8 परिवार प्रभावित हुए हैं। सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत शिविरों में भोजन, पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है।
गोबरा नवापारा क्षेत्र में करीब 2 हजार लोग प्रभावित
लगातार मूसलाधार बारिश के कारण अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के नवापारा, सोमवारी बाजार, नेहरू घाट, पारागांव, कुटीपारा, टीला सहित नदी किनारे बसे कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर कई स्थानों पर जलभराव गंभीर बताया गया है। प्रशासन द्वारा करीब 2,000 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है।
राजस्व एवं आपदा मंत्री टंक राम वर्मा ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
राजस्व एवं आपदा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने गोबरा नवापारा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत शिविरों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को तात्कालिक राहत के रूप में 5-5 हजार रुपये के अनुदान चेक वितरित किए गए। मंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ से हुए जान-माल, फसल एवं मकानों के नुकसान का त्वरित एवं सटीक सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के अनुसार पात्र प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग, नगर निगम एवं स्थानीय प्रशासन की टीमें आवश्यकता के अनुसार रेस्क्यू और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।




