Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर गणेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल के साथ मनाया गया। शहर के चौक-चौराहों से लेकर कॉलोनियों तक “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।
अमलीडीह, रायपुर से मोहनलाल देवांगन ने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी, अमलीडीह और शारदा विहार कॉलोनी में पिछले 10 दिनों से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था।
आज विधि-विधान से पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की अंतिम पूजा-अर्चना कर आरती की गई और क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए भगवान गणेश की प्रतिमा को विसर्जन के लिए तालाब ले जाया गया।
इस दौरान राजधानी के विभिन्न स्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आकर्षक झांकियों का भी आयोजन किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने नम आंखों से बप्पा को विदाई दी और अगले बरस जल्दी आने की प्रार्थना की।




