Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल घटारानी में कुंवार नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
राजधानी रायपुर से 70 किमी दूर राजिम क्षेत्र के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलझर के घने वनों के बीच स्थित मां घटारानी के दरबार में नवरात्रि पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु मनोकामना दीप प्रज्वलित करने पहुंचते हैं। यहां घटारानी जन विकास समिति द्वारा 9 दिनों तक भंडारा, जवारा और देवी जस गीतों का भव्य आयोजन किया जाता है।
इतिहास के अनुसार घने जंगल में फुलझर निवासी आनंदी यादव ने प्रथम बार मां के नाम से दीप प्रज्वलित किया था, तब से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। मान्यता है कि गुम हुई वस्तु, व्यक्ति या पशु के लिए यहां नारियल चढ़ाने से मिलने की संभावना बनती है, वहीं निसंतान दंपत्ति भी मन्नत लेकर पहुंचते हैं।
व्यवस्थाएं बदहाल, प्रशासन मौन
हजारों पर्यटकों की आवाजाही के बावजूद यहां की व्यवस्थाएं बदहाल हैं। पेयजल, पार्किंग और शौचालय की समस्या वर्षों से जस की तस है। पर्यटकों की सुविधा के लिए लगाई गई सौर ऊर्जा लाइटें भी लंबे समय से खराब पड़ी हुई हैं जिससे रात के समय मंदिर परिसर में अंधेरा पसरा रहता है और श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।
वहीं घटारानी से जतमई जाने वाला मार्ग पूरी तरह से खराब और गड्ढों में तब्दील हो चुका है। पर्यटकों ने वन विभाग और प्रशासन से सड़क मरम्मत और सौर ऊर्जा सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।




