राहुल मंडल की रिपोट
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने महत्वपूर्ण पहल की है। अमड़ापाड़ा प्रखंड की सिंगारसी पंचायत अंतर्गत गौरपाड़ा गांव में 1 करोड़ 42 लाख 80 हजार 962 रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का विधायक ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर शिलान्यास किया।
गौरपाड़ा में लंबे समय से अस्पताल भवन की मांग की जा रही थी। भवन के अभाव में ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नए भवन के निर्माण से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान और दूरदराज के गांवों तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अस्पताल भवन बनने से स्थानीय लोगों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकने की परेशानी कम होगी।

विधायक की इस पहल को ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में युवा नेता विकास मुर्मू, सहायक अभियंता प्रदीप रजक, श्यामलाल हांसदा, जहीरुद्दीन मियां सहित पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि भवन निर्माण जल्द पूरा होगा और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।




