रिपोर्टर – योगेश्वर साहू
छुरा (घटारानी) छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माँ घटारानी धाम में शारदीय नवरात्रि महोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। धाम में इन दिनों आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
घटारानी के पुजारी श्री धनसिंह ध्रुव ने बताया कि मंदिर में 391 मनोकामना ज्योति दीप प्रज्वलित किए गए हैं। मंदिर परिसर में जवारा बोया गया है और प्रतिदिन शाम को देवी जस गीतों का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
नौ दिनों तक विशाल भंडारा –
घटारानी विकास समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नौ दिनों तक विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है। दूर-दूर से आ रहे भक्तों के लिए समिति द्वारा प्रसादी की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
फिलहाल धाम में भीड़ कम है, जिसके चलते व्यापारियों का व्यवसाय धीमा चल रहा है। लेकिन पंचमी से भीड़ बढ़ने की पूरी संभावना है। नवरात्रि के अंतिम दिनों में यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
राजधानी से 70 KM दूर है आस्था का केंद्र –
घटारानी मंदिर राजधानी रायपुर से 70 किलोमीटर दूर गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलझर के घने वनों में स्थित है। यहां के झरनों का अद्भुत और मनोरम दृश्य देखते ही बनता है। चारों ओर फैली हरियाली मन को सुकून पहुंचाती है। एक बार माँ घटारानी के दर्शन करने जरूर आइए।




