तमता । पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तमता में शारदीय नवरात्र एवं मां दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। समिति के अध्यक्ष मनीष शर्मा के नेतृत्व व मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव से पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर हो चुका है।
रविवार सुबह गांव की दर्जनों महिलाओं ने एकजुट होकर गाजे-बाजे और बैंड-बाजे की मधुर धुनों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा गांव की मुख्य नदी पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंची।
कलश यात्रा के मंदिर आगमन पर आतिशबाजी और बैंड-बाजे की गूंज के बीच भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को विधि-विधान एवं वैदिक रीतियों से माता रानी की घटस्थापना के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ किया गया।
नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। इसी कड़ी में सोमवार दोपहर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु बंधुओं ने कतारबद्ध होकर अनुशासित तरीके से माता का प्रसाद ग्रहण किया।
समिति के अध्यक्ष मनीष शर्मा एवं सभी सदस्यों ने बताया कि नवरात्र पर्व को लेकर ग्रामीणों और मंदिर समिति में भारी उत्साह है तथा प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।




