सी.एल.साहू
ब्यूरो चीफ कांकेर
उत्तर बस्तर कांकेर, 13 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला खनिज न्यास निधि अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के निर्माण में प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों में सूचना बोर्ड लगाने तथा उसमें निर्माण से संबंधित सम्पूर्ण विवरण का उल्लेख करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि इस योजना के अंतर्गत सभी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन किया जाए तथा निर्माण एजेंसियों की आईडी जनरेट किया जाए। अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि कर्त्तव्य बोध से कार्य करें तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं श्री जी.डी. वाहिले सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यों में प्रगति की समीक्षा की तथा इसमें तेजी लाने के लिए निर्देशित किया। पीएम सूर्य घर की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी जनपद सीईओ को भी इसमें सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। सभी जिला अधिकारियों एवं उनके अधीनस्थ कर्मचारियों को भी अपने घरों में पीएम सूर्य घर योजनांतर्गत अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्य में लगे वेंडर की बैठक लेने जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए गए। जनपद सीईओ को अपने क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक लेकर उन्हें इस योजना की जानकारी देने और अपने घरों में सोलर पैनल लगाने प्रोत्साहित करने के लिए निर्देशित किया गया। इसी प्रकार सभी विकासखण्डों में चिन्हांकित गांवों को सोलर मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आगामी माह से शुरू होने वाले समर्थन मूूल्य पर धान खरीदी के लिए किए जा रहे तैयारियों की भी समीक्षा की गई और जिले में धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, 20 अक्टूबर से पूर्व सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जनपद सीईओ को अपने क्षेत्र के सभी धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर केंद्रों तक पहुंच मार्ग को दुरूस्त करने के लिए कहा गया है। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों को शीघ्र निराकृत करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया है।




