गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। जिले के तुमला थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय आरोपी चंद्रहास कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के 34 वर्षीय भाई ने तुमला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे वह शौच के लिए मैदान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे झाड़ियों की ओर से किसी के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचा, जहां उसने अपनी 37 वर्षीय दिव्यांग बहन के साथ गांव के ही चंद्रहास कुमार को खेत के पास कथित रूप से दुष्कर्म करते देखा।
शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता को मौके पर आता देख आरोपी अपने कपड़े, पर्स और मोबाइल फोन छोड़कर वहां से भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुमला पुलिस ने अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) एवं 64(2)(i) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पीड़िता का विधिवत मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा पूछताछ और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला पीएसआई जितेंद्र कुमार साहू, पीएसआई विमलेश्वरी मरकाम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक मुकेश भगत सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




