याद राम साहू की रिपोर्ट :-
मेरा युवा भारत बालोद एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला बालोद के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 4 नवंबर को सामुदायिक भवन गुंडरदेही में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ रहा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा सम्मानित पद्मश्री शमशाद बेगम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने अपने संबोधन में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की आधारशिला होते हैं। देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ जैसे विषय पर युवाओं के बीच चर्चा होना लोकतांत्रिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे युवाओं को देश की चुनावी प्रक्रिया, संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।

श्री जैन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अपने अधिकारों के प्रति ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहें। शिक्षा, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच को अपनाकर देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्वकर्ता बनेंगे। इसलिए युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और देश के निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने, बेहतर शासन व्यवस्था और समृद्ध भारत के निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी क्षितिज गुप्ता, लीना साहू, पद्मश्री शमशाद बेगम, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर, ठाकुर राम चंद्राकर, अश्वनी कटहरे, कुलदीप साहू, कौशल साहू, गुलशन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महाविद्यालयीन विद्यार्थी उपस्थित रहे।




