जिला संवाददाता खूबदास लहरे जिला गौपेम
मरवाही। कांग्रेस के कथित वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ भाजपा ने जनजागरण अभियान के तहत मरवाही विधानसभा क्षेत्र में ‘लोकतंत्र बताओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और जिला संगठन प्रभारी रितु पेंद्राम के नेतृत्व में आयोजित यह पदयात्रा मरवाही से लोहारी तक निकाली गई। इसमें भाजपा के जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
पदयात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर चुनावी प्रक्रिया और SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा वोट चोरी के आरोप लगाकर देश में गलत माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
SIR को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर किया पलटवार
मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि SIR के दौरान मृत व्यक्तियों, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों और विदेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार SIR की प्रक्रिया हो चुकी है, तो अब इस प्रक्रिया पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं?
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कुछ युवाओं और विद्यार्थियों को गुमराह कर देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। विधायक ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर जनता के सामने सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है।
मोदी सरकार की नीतियों को लेकर मंत्री ने रखी बात
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। केंद्र सरकार विकसित भारत के निर्माण, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसे विषयों पर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए वोट चोरी जैसे आरोपों के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध है।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हुए शामिल
मरवाही से लोहारी तक आयोजित इस पदयात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष गौपेम, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल राठौर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह ठाकुर सहित अनेक संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा में सैकड़ों पदाधिकारियों और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों ने भी भागीदारी की।
भाजपा नेताओं ने इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने और SIR सहित चुनावी प्रक्रिया को लेकर आम लोगों तक अपना पक्ष पहुंचाने की बात कही।




