जिला संवाददाता खूबदास लहरे जिला गौपेम
मरवाही। कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों के विरोध में भाजपा ने मरवाही विधानसभा क्षेत्र में ‘लोकतंत्र बताओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं जिला संगठन प्रभारी रितु पेंद्राम के नेतृत्व में आयोजित यह पदयात्रा मरवाही से लोहारी तक निकाली गई। अभियान के जरिए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जनता के बीच चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा वोट चोरी के आरोप लगाकर देश में गलत माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में देशभर में कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
SIR को लेकर विधायक ने कांग्रेस पर उठाए सवाल
मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि SIR प्रक्रिया के तहत मृत व्यक्तियों, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों और विदेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के शासनकाल में भी करीब 11 बार SIR की प्रक्रिया कराई जा चुकी है, तो वर्तमान में इस प्रक्रिया पर सवाल क्यों खड़े किए जा रहे हैं?
विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कुछ विद्यार्थियों और बेरोजगार युवाओं को गुमराह कर देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के सामने सही जानकारी रखना जरूरी है।
मंत्री बोले- विकसित भारत के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। केंद्र सरकार विकसित भारत के निर्माण, बेहतर विदेश नीति, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसे विषयों को लेकर संकल्पित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इन महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए वोट चोरी के आरोपों और बयानों के जरिए भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के प्रत्येक भारतीय नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है।
भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही बड़ी भागीदारी
मरवाही से लोहारी तक निकाली गई इस पदयात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष गौपेम, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल राठौर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह ठाकुर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा में सैकड़ों संगठन पदाधिकारियों और हजारों कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की भी भागीदारी रही।




