जिला संवाददाता खूबदास लहरे मरवाही :-
मरवाही। क्षेत्र के प्रसिद्ध मां नागेश्वरी मंदिर कुम्हारी में धार्मिक आस्था के साथ श्रद्धालुओं के लिए आयोजित लकी कूपन योजना के तहत पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। मंदिर में कुंवार महीने, चैत्र नवरात्र सहित अन्य पावन अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर घृत एवं तेल के ज्योति-कलश प्रज्वलित करते हैं। इस वर्ष भी मंदिर में सैकड़ों की संख्या में ज्योति-कलश प्रज्वलित किए गए।
सार्वजनिक मां नागेश्वरी मंदिर समिति की ओर से दशहरा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के सहयोग से लकी कूपन योजना रखी गई थी। इसमें श्रद्धालुओं के लिए कई आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए थे। 1 नवंबर 2026 को माता रानी मंदिर प्रांगण में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।

बाइक, स्कूटी और टीवी सहित मिले कई पुरस्कार
लकी कूपन योजना में प्रथम पुरस्कार TVS Raider 125 CC मोटरसाइकिल रखा गया था, जो रविशंकर पेंडा को मिला। द्वितीय पुरस्कार TVS Jupiter स्कूटी श्वेता साहू, लरकेनी ने जीता। तृतीय पुरस्कार LED टीवी वृजकुंवर, करगीकला को मिला। वहीं चतुर्थ पुरस्कार के रूप में फ्रिज याशुराम और पंचम पुरस्कार रेंजर साइकिल हरीश राय को प्रदान की गई।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए 21 सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए थे, जिन्हें विभिन्न भक्तों को प्रदान किया गया। पुरस्कारों में सहयोग संजू मोटर्स, TVS संचालक की ओर से किया गया।
नाटेश्वरी मंदिर बरौर में भी होते हैं धार्मिक आयोजन
क्षेत्र के नाटेश्वरी मंदिर बरौर में भी पुरानी मान्यताओं के अनुसार समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यहां मानस गायन, गोवर्धन पूजा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भागीदारी रहती है।
मंदिर समिति ने बताया कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं। पुरस्कार वितरण समारोह में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं और क्षेत्र के लोगों की उपस्थिति रही।





