अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। नगर के मेला ग्राउंड स्थित तालाब के किनारे गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों के पास एक अज्ञात युवक का सड़ी-गली हालत में शव पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध फैल रही थी, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने तालाब किनारे झाड़ियों के पास शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना रतनपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

शव की हालत काफी खराब होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं तथा आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव तालाब किनारे कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





