एमसीबी। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ गलत कार्य किए जाने की शिकायत तेलंगाना के जिला संगारेड्डी स्थित थाना सदाशिवपेट में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रियांशु गौर उर्फ बोनी, निवासी छोटाबाजार चिरमिरी के खिलाफ अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया था।
घटना स्थल चिरमिरी थाना क्षेत्र में आने के कारण आगे की विवेचना के लिए प्रकरण चिरमिरी पुलिस को सौंपा गया। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर चिरमिरी थाने में अपराध क्रमांक 355/2026 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
जशपुर और भागलपुर क्षेत्र में पुलिस ने की तलाश
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने जिला जशपुर और भागलपुर क्षेत्र में तलाश की। इस दौरान आरोपी प्रियांशु गौर उर्फ बोनी (18 वर्ष 6 माह), पिता राकेश गौर, निवासी छोटाबाजार चिरमिरी को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के दिन अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस ने 12 नवंबर 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया और गिरफ्तारी की सूचना उसके पिता को दी। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में प्र. वासुदेव परगनिहा, प्रधान आरक्षक अर्चना ठाकुर, प्रधान आरक्षक 45 संतोष साहू, आरक्षक 133 सुरेश तिरगा एवं आरक्षक 124 मदन राजवाड़े का सराहनीय योगदान रहा।
एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







