योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
फिंगेश्वर / गरियाबंद
फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम फुलझर में मातर उत्सव के दौरान जो हुआ, उसने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। जिस उत्सव को गांव के लोग साल भर इंतजार के बाद बड़े शांति और भाईचारे के साथ मना रहे थे, उसी उत्सव में शराब के नशे में धुत एक गुट ने ऐसा उत्पात मचाया कि उत्सव का माहौल ही बिगड़ गया।
बताया जा रहा है कि गांव में मातर उत्सव शांति पूर्वक चल रहा था। शाम 7.30 बजे आरोपी बलदव ध्रुव, कंचन गिरी, ढालसिंग ध्रुव, सरपंच संतोष कंवर, मदन ध्रुव, धर्मेन्द्र कंवर, बेदु राम ध्रुव, गुलशन ध्रुव, नरेंद्र साहू सहित अन्य लोग शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार इन लोगों ने गुट बनाकर पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर गांव के विकास समिति के अध्यक्ष डीहु राम साहू और सचिव रूपेश ध्रुव पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में सचिव रूपेश ध्रुव के कपड़े तक फाड़ दिए गए। बीच-बचाव में आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि अध्यक्ष डीहु राम साहू और सचिव रूपेश ध्रुव पिछले 2 साल से ग्रामवासियों की सहमति से पद पर हैं और गांव के विकास और उत्सव कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हीं की देखरेख में उत्सव शांति से चल रहा था।
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि ढाल सिंह ध्रुव ,कंचन गोस्वामी और धर्मेन्द्र कंवर के खिलाफ पहले से ही न्यायालय में प्रकरण चल रहा है। इसके बावजूद मातर उत्सव के दिन फिर से हमला कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इसी कारण इनके हौसले बुलंद हैं।
घटना की लिखित शिकायत थाना फिंगेश्वर में की गई है। शिकायत पर थाना फिंगेश्वर में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इधर इस मामले में पुलिस का वर्जन भी सामने आया है। जांच अधिकारी संकल्प मैडम, फिंगेश्वर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 107, 116 के तहत कार्रवाई कर एसडीएम के समक्ष पेश किया गया है।
इस मामले में अब एक नया और गंभीर आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद वाली शाम को थाना फिंगेश्वर में पदस्थ एसआई नीलू दीवान अपनी कार से आकर आरोपियों के साथ शराब के नशे में धुत थे। ग्रामीणों का कहना है कि इससे आरोपियों का हौसला और बढ़ रहा है। गांव के लोग कयास लगा रहे हैं कि इसी कारण ग्राम में शराबबंदी नहीं हो पा रही है। जिससे आरोपियों को बल मिल रहा है और बार-बार अपराध बढ़ रहा है।

जब इस संबंध में एसआई नीलू दीवान का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने बताया कि वे सस्पेंड हो गए हैं, लेकिन किस मामले में, यह उन्होंने नहीं बताया। वहीं जब जांच अधिकारी से पूछा गया कि क्या एसआई नीलू राम दीवान सस्पेंड हो गए हैं, तो उन्होंने बताया कि नहीं, उनका दूसरी जगह ट्रांसफर हो गया है।
पुलिस के दोनों बयानों में विरोधाभास सामने आने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहार के दिन ही अगर अध्यक्ष-सचिव सुरक्षित नहीं हैं तो आम ग्रामीण कैसे सुरक्षित रहेंगे। ग्रामीणों की मांग है कि नशे में धुत होकर गुट बनाकर हमला करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो, ताकि दोबारा कोई उत्सव में इस तरह का उत्पात न मचा सके।
अब पूरे गांव की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर है।







