गणेश ब्यूरो चीफ:-
जशपुर। शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला को शादी करने और उसके बच्चों का पालन-पोषण करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसी बहाने उसने लंबे समय तक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 17 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय पीड़िता ने 24 अक्टूबर 2026 को थाना पत्थलगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वर्ष 2023 में एक सहेली के माध्यम से उसकी पहचान दुर्योधन यादव (22 वर्ष) से हुई थी। महिला ने आरोपी को अपनी शादीशुदा जिंदगी और बच्चों के बारे में पहले ही बता दिया था।
आरोप है कि दुर्योधन यादव ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उससे शादी करेगा और उसके बच्चों का भी पालन-पोषण करेगा। उसकी बातों पर विश्वास कर महिला 31 मार्च 2023 को उसे अपने किराये के मकान में ले गई। वहां आरोपी ने महिला की मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का भरोसा दिया और उसी रात उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी 31 मार्च 2023 से 1 अक्टूबर 2026 तक बीच-बीच में शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में उसने महिला को पत्नी बनाकर रखने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पीड़िता की शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी दुर्योधन यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत धारा 376(2-एन) भादवि एवं धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने उसके गृह ग्राम में घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 17 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिलाओं से जुड़े अपराधों पर पुलिस सख्त
मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर संवेदनशील है और ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







