बुलंद टाइम्स न्यूज छत्तीसगढ़
जिला दन्तेवाड़ा से : लता नाग की रिपोर्ट
दन्तेवाड़ा। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ द्वारा अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई है। इस आंदोलन में जिला दन्तेवाड़ा के पटवारी संघ के सदस्य भी एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
पटवारी संघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं और मांगों का निराकरण नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
संघ की प्रमुख मांगों में PV App में कार्य करने का बहिष्कार, राजस्व कर्मचारियों के निलंबन एवं स्थानांतरण की कार्रवाई वापस लेना, वेतन विसंगति का समाधान तथा राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा करना शामिल है।
संघ ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द से जल्द उचित निर्णय लिया जाए। पटवारी संघ का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगों का संतोषजनक निराकरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अब देखना यह होगा कि शासन एवं जिला प्रशासन कर्मचारियों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और इस आंदोलन का समाधान कब तक निकल पाता है।







