एम् .सी.बी से बियरो चीफ तरुण पिल्ले
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर (एमसीबी) जिले में कबाड़ कारोबार की आड़ में होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 नवंबर को संयुक्त टीम ने मनेन्द्रगढ़ स्थित दो कबाड़ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में व्यवसाय संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेजों और वैधानिक अनुमतियों के संधारण में गंभीर कमियां पाई गईं। इसके बाद नियमानुसार दोनों प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, तहसीलदार विनीत सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योत्स्ना टोप्पो और थाना मनेन्द्रगढ़ के पुलिस स्टाफ की मौजूदगी में की गई।
दो कबाड़ प्रतिष्ठानों की हुई जांच
संयुक्त टीम ने मनेन्द्रगढ़ के चौहान ट्रेडर्स, जिसके संचालक चुनमुन हैं, और कुरैशी इंटरप्राइजेज, जिसके संचालक राजू कबाड़ी हैं, का निरीक्षण किया। इस दौरान संचालकों से कबाड़ व्यवसाय के संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज, पंजीयन और विभागीय अनुमतियां मांगी गईं।
जांच में भूमि स्वामित्व के दस्तावेज, भूमि डायवर्सन अनुमति, नगर पालिका का ट्रेड लाइसेंस, जीएसटी पंजीयन, कबाड़ गोदाम का पंजीयन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति, कमर्शियल बिजली कनेक्शन और श्रम विभाग के पंजीयन की जांच की गई। इसके अलावा कबाड़ की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, बिल, CCTV कैमरों की उपलब्धता और शासकीय उपक्रमों से कबाड़ खरीदी का दावा करने पर MSTC पंजीयन से संबंधित दस्तावेज भी देखे गए।
अधिकांश जरूरी दस्तावेजों का नहीं था संधारण
संयुक्त जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों के पालन और जरूरी वैधानिक दस्तावेजों के रखरखाव में कमियां सामने आईं। जांच में अधिकांश आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके बाद संबंधित दस्तावेजों और अनुमतियों की जांच करते हुए नियमानुसार दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।
पहले भी जब्त किया गया था 1,250 किलो कबाड़
उल्लेखनीय है कि मनेन्द्रगढ़ पुलिस इससे पहले भी कबाड़ गोदामों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। 13 अक्टूबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चनवारीडांड और मोहरापारा स्थित दो अलग-अलग कबाड़ गोदामों में दबिश दी थी।
चनवारीडांड स्थित गोदाम से पुराने मशीनरी उपकरण, सबमर्सिबल पंप, बोरवेल सामग्री, गैस सिलेंडर, रोलर, लोहे की जाली, टीन शीट और एयर कंप्रेशर मशीन सहित 910 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया गया था। इसकी अनुमानित कीमत 22,750 रुपये बताई गई थी।
वहीं, मोहरापारा में राजू कबाड़ी के गोदाम के पीछे से पुराने सेटिंग प्लेट, लोहे की छड़ें, पाइप, एंगल और टीन शीट सहित 340 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया गया था, जिसकी कीमत करीब 10,200 रुपये थी।
इस तरह दोनों कार्रवाइयों में कुल 1,250 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 32,950 रुपये थी। इस मामले में बीएनएसएस की धारा 106 के तहत इस्तगासा क्रमांक 03/2026 और 04/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई थी।
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी सख्ती
जिला पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कबाड़ कारोबार की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और निगरानी जारी रहेगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित विभागों के समन्वय से नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







