राजनांदगांव (बुलंद शहर न्यूज़)। सिटी बस संचालन में गड़बड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। करीब 4 करोड़ रुपए कीमत की 14 सरकारी सिटी बसों का कोई अता-पता नहीं है। संचालक सोसाइटी के ऑपरेटर्स ने खराबी बताकर इन बसों को रूट से हटा दिया, लेकिन बसें कहां रखी हैं और क्या खराबी आई, इसकी जानकारी नोडल एजेंसी नगर निगम को नहीं दी गई।
60 लाख की प्रीमियम राशि बकाया
बताया गया है कि बीते 10 वर्षों में ऑपरेटर्स ने करीब 60 लाख रुपए की प्रीमियम राशि जमा नहीं की। इसके बावजूद निगम प्रशासन ने अब तक नोटिस तक जारी नहीं किया। खराब बसों के वेरिफिकेशन और जब्ती के लिए भी कोई कदम नहीं उठाया गया, जिससे पूरे मामले में गड़बड़ी की आशंका गहराती है।
डंप कर दी गईं करोड़ों की बसें
ऑपरेटर्स ने करोड़ों रुपए की बसों को खराब बताकर अलग-अलग स्थानों पर डंप कर दिया। खराबी की वजह और खराब पार्ट्स का ब्योरा नोडल एजेंसी को नहीं दिया गया और धीरे-धीरे 14 बसें लापता हो गईं।
टर्मिनल की भी बदहाली
रेवाडीह में 4 करोड़ रुपए की लागत से बना सिटी बस टर्मिनल ताला लगने से जर्जर हो रहा है। यहां निगम ने कबाड़ डंप कर रखा है। निर्देश थे कि खराब या बंद बसें टर्मिनल में ही खड़ी होंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
अधिकारियों का पक्ष
“सिटी बसों की खराबी, संख्या व कारणों की पूरी डिटेल मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया बढ़ाई जाएगी।”
– जीआर मरकाम, आयुक्त, नगर निगम.
“सिटी बसों की वर्तमान स्थिति, कब से खराब हैं और कहां रखी हैं, इसकी पूरी जानकारी ली जाएगी। बकाया प्रीमियम पर भी नोडल एजेंसी से रिपोर्ट मांगकर कार्रवाई करेंगे।”
– जितेंद्र यादव, कलेक्टर, राजनांदगांव
रिपोर्ट: गौरव सिंह, जिला ब्यूरो चीफ, राजनांदगांव |







