अमरजीत सिंह
बुलन्द टाईम्स न्यूज
कोरिया/बैकुंठपुर- शुक्रवार को तुलसी विवाह देवउठनी एकादशी का पावन पर्व बैकुंठपुर समेत कोरिया जिले मे दीपों की रोशनी के बीच बड़े ही धूमधाम व विधि विधान से पूजा अर्चना कर मनाया गया। एकादशी के दिन उपवास रख लोगों ने सुबह से ही घरों में साफ सफाई सजावट व रंगोली बनाते हुए पूजा स्थल को सजाकर पूजा की तैयारी संपूर्ण कर ली थी। मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली, तुलसी विवाह होने के कारण सभी श्रद्धा पूजा अर्चना कर तुलसी माता को लाल चुनरी ओढ़ा मैया का श्रृंगार करते नजर आए।
देवउठनी एकादशी के दिन लोगों ने घरों को दीपों से सजा गन्ने व तुलसी विवाह की पूजा करते हुऐ यजमान से तुलसी विवाह की कथा सुन विधि विधान से पूजा अर्चना कर परिवार के सुख समृद्धि की कामना करते हुए मनोकामनाएं मांगी वह आशीर्वाद प्राप्त किया।
हिंदू धर्म में इस दिन का विशेष महत्व है. मान्यता है कि चार महीने तक योगनिद्रा में रहने के बाद भगवान विष्णु इसी दिन जागते हैं। उनके जागने के साथ ही शादी-विवाह और दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
इस मौके पर घरों और मंदिरों में भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. उन्हें नींद से जगाने के लिए पारंपरिक गीत गाने की भी परंपरा है। कई जगहों पर महिलाएं भजन और मंगल गीत गाकर भगवान विष्णु का स्वागत करती हैं।
देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह का महत्व
देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह का आयोजन भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने और चातुर्मास की समाप्ति के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत का प्रतीक है। इस दिन माता तुलसी और भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम का विवाह संपन्न कराकर घर में सुख-समृद्धि और पवित्रता का आह्वान किया जाता है।
मांगलिक कार्यों की शुरुआत
देवउठनी एकादशी से चार महीने का चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह, गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्यों का आरंभ माना जाता है।
तुलसी को लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है; इस पूजा से परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा आती है और घर परिवार में सुख शांति का वास होता है।







