रिपोर्टर : सुनीता कौशिक
बुलंद टाइम्स न्यूज़, कवर्धा (छत्तीसगढ़)
कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम भलपहरी में बिजली सुधार कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय लाइनमैन मानक पटेल की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, पांडातराई सब स्टेशन में कार्यरत मानक पटेल ग्राम भलपहरी में हाईटेंशन लाइन से जुड़े ट्रांसफार्मर को सुधारने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई थी। करंट की चपेट में आने से मानक पटेल बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त लाइनमैन अकेले ही सुधार कार्य कर रहे थे।
मुआवजा मिलने तक शव लेने से परिजनों का इनकार
घटना से आक्रोशित परिजनों ने बिजली विभाग को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 15 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक वे शव स्वीकार नहीं करेंगे।

विभाग ने दिया जांच और कार्रवाई का आश्वासन
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लाइनमैन और सब स्टेशन ऑपरेटर के बीच आपसी संवाद की कमी के कारण यह हादसा हुआ है। अधिकारियों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने के साथ ही परिवार के सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति और नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।
आखिर कौन है लाइनमैन की मौत का जिम्मेदार?
इस दर्दनाक घटना ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बिजली आपूर्ति बंद होने की पुष्टि किए बिना सुधार कार्य कैसे शुरू हुआ? सुरक्षा के इंतजामों में कहां चूक हुई? अब देखना होगा कि विभागीय जांच में किसकी जिम्मेदारी तय होती है और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलता है।







