सरफराज अंसारी की रिपोर्ट बुलंद टाइम्स बीजापुर
बीजापुर। संविधान दिवस के अवसर पर बीजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा उसके आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
न्याय, स्वतंत्रता और समानता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प
इस अवसर पर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने पर जोर दिया गया। सभी ने अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने की शपथ ली।
जिले के थानों में भी हुआ शपथ कार्यक्रम
संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके मूल्यों एवं सिद्धांतों का पालन करने और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिस बल ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।







