रिपोर्ट: गौरव सिंह, जिला ब्यूरो चीफ, राजनांदगांव
राजनांदगांव। शिवनाथ साइंस कॉलेज में विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ रहा है। कॉलेज में फर्नीचर कम है, नए क्लासरूम की जरूरत है और कई पुराने कक्ष जर्जर हालत में हैं। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में चिंता है।
इस मुद्दे पर एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव राजा यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि फर्नीचर की कमी जल्द दूर की जाए, नए क्लासरूम बनाए जाएं और जर्जर कक्षों की मरम्मत कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों से इन समस्याओं का जल्द निराकरण करने को कहा।
राजा यादव के अनुसार अगले दो से तीन माह में विश्वविद्यालय नियमित और अनियमित विद्यार्थियों की परीक्षाओं का समय सारणी जारी कर सकता है। ऐसे में कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं का पर्याप्त होना और भी जरूरी हो जाता है।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि नए भवन के निर्माण के लिए उच्च शिक्षा विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था, जो अभी विभाग में लंबित है। सूत्रों के मुताबिक पीडब्ल्यूडी द्वारा तैयार एस्टीमेट में कथित लापरवाही के कारण प्रस्ताव दोबारा भेजना पड़ा, जिससे प्रक्रिया में देरी हो रही है। विद्यार्थी अब भी सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं। सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई की जरूरत बताई गई है।







