रिपोर्ट: गौरव सिंह, जिला ब्यूरो चीफ, राजनांदगांव
राजनांदगांव। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेल यात्रियों को अगले कुछ दिन परेशानी उठानी पड़ेगी। राबर्टसन स्टेशन यार्ड में रीमॉडलिंग का काम होना है, जिसमें रेल लाइन की थ्रू कनेक्टिविटी और केबिन जोड़े जाएंगे। प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग के इस काम से लाइन क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी, लेकिन काम के दौरान कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
27 से 30 नवंबर तक गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर में ही समाप्त होगी और बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच रद्द रहेगी। वहीं 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर झारसुगुड़ा-बिलासपुर के बीच रद्द रहेगी और बिलासपुर से ही चलेगी। महाराष्ट्र के गोंदिया से सुबह 5 बजे चलने वाली यह मेमू महाराष्ट्र से ओडिशा जाने वाली एकमात्र बिना रिजर्वेशन वाली लोकल ट्रेन है। इसलिए विद्यार्थी, नौकरीपेशा दैनिक यात्री और ओडिशा जाने वाले मुसाफिर सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे।
दूसरी ओर, 29 और 30 नवंबर को 74वीं चेटियागिरि विहार वर्षगांठ और पवित्र अवशेषों के प्रदर्शन के मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को सांची स्टेशन पर दो मिनट का अस्थाई स्टॉपेज दिया गया है। 27 और 28 नवंबर को 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सुबह 6.42 बजे सांची पहुंचेगी, जबकि 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस शाम 17.14 बजे पहुंचकर 17.16 बजे रवाना होगी।







