भिलाई: नगर के प्रसिद्ध बिल्डर प्रकाश महोबिया के भांजे संजय बुंदेला को मंगलवार शाम को एक धमाके का शिकार बनने से बच गए। ये धमाका उनके डस्टर कार में हुआ था, जो कोहका रोड स्थित उनके ऑफिस के सामने खड़ी थी। जानकारी के अनुसार, किसी ने उनकी कार में टाइम बम फिट कर दिया था, लेकिन संजय बुंदेला बाल-बाल बच गए।
घटना शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच की है। संजय जब अपने कार्यालय से बाहर आए और फिर कुछ काम से अंदर वापस गए, तब ही कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका थर्रा गया। विस्फोट से कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन संजय किसी तरह से बाल-बाल बच गए।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दिखाई दे रहा है, जो बम कार में लगा कर चुपचाप वहां से चला गया। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कर रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले को साजिश मान रही है और आरोपी की पहचान के लिए प्रयासरत है।
इस धमाके के पीछे कोई व्यक्तिगत दुश्मनी या विवाद हो सकता है, जैसे कि भूमि सौदों से संबंधित कोई मामला या पूर्व कर्मचारियों का हाथ हो। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
यह घटना उस वक्त घटी जब प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला अपनी फिल्म श्री रामायण कथा के निर्माण को लेकर चर्चा में थे। इस फिल्म को 6 भाषाओं में बनाने की योजना है, जिसमें बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकार अभिनय कर रहे हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस धमाके का फिल्म निर्माण से कोई संबंध तो नहीं है और इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है।



