विकास के साथ मूलभूत समस्याओं के समाधान का दिलाया भरोसा*
नारायणपुर, 18 अप्रैल 2026 // विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नारायणपुर जिले को जल्द ही ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में 9.5 किलोमीटर लंबे बहुप्रतीक्षित परियोजना विशेष रूप से भारी वाहनों के लिए समर्पित होगी, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और आम नागरिकों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
*ग्रामीण अंचलों को जोड़ेगा विकास का नया मार्ग*
प्रस्तावित बाईपास रोड तेलसी, कनेरा, मरदेल, करलखा, दुग्गाबेंगाल, गरांजी और गढ़बेंगाल जैसे महत्वपूर्ण गांवों से होकर गुजरेगा। इससे जहां एक ओर शहर से बाहर भारी वाहनों का बाईपास रोड होगा , वहीं दूसरी ओर इन ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।
*कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया संवाद*
परियोजना को सफलतापूर्वक लागू करने के उद्देश्य से कलेक्टर नम्रता जैन स्वयं करलखा गांव पहुंचीं और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने बाईपास रोड के निर्माण से होने वाले लाभों को सरल भाषा में समझाया तथा नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, भवन एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी रखीं, जिन पर कलेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
*भारी वाहनों का होगा व्यवस्थित डायवर्जन*
वर्तमान में भारी वाहन शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरते हैं, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न होती है। बाईपास रोड के निर्माण के पश्चात सभी ट्रकों एवं व्यावसायिक वाहनों को शहर के बाहर इस नए मार्ग से संचालित किया जाएगा, जिससे शहर के भीतर यातायात अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम हो सकेगा ।
यह बाईपास रोड केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का माध्यम बनेगी। इससे जुड़े गांवों में व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, आवागमन आसान होगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारकर नारायणपुर को एक सुव्यवस्थित और सुरक्षित शहर के रूप में विकसित किया जाए।



